राजधानी में बाइकर्स गैंग का आतंक: टिकरापारा और पुरानी बस्ती में 3 झपटमारी, महिला घायल; 3 संदेही हिरासत में
राजधानी रायपुर में इन दिनों बाइकर्स गैंग का आतंक बढ़ता नजर आ रहा है। टिकरापारा और पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में झपटमारी की तीन अलग-अलग वारदातों ने लोगों में डर का माहौल पैदा कर दिया है। बदमाश चलते वाहन और सुनसान रास्तों पर लोगों को निशाना बनाकर मोबाइल और पर्स छीनकर फरार हो रहे हैं। पुलिस ने मामले में 3 संदेहियों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ जारी है।
साइकिल सवार से मोबाइल लूटा
दूसरी घटना टिकरापारा थाना क्षेत्र के गोकुल नगर मुक्तिधाम के पास की है। बोरियाखुर्द निवासी पोषण नागरची 15 फरवरी की रात साइकिल से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार तीन युवकों ने उन्हें रोक लिया और जेब से रियलमी मोबाइल लूटकर फरार हो गए। पीड़ित ने आरोपियों की पहचान शेख राजिक, अलताफ खान और मुस्तकीम खान के रूप में की है।
महिला को गिराकर छीना पर्स
तीसरी घटना पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में सामने आई। मठपारा निवासी कमला उपाध्याय एक्टिवा से दतरेंगा आयुर्वेदिक दवा देने जा रही थीं। शीतला चौक भाठागांव के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने उनका पर्स झपट लिया। पर्स में ओप्पो मोबाइल, 10 हजार रुपए नकद और दवाइयां रखी थीं।
पर्स छीने जाने के दौरान महिला का संतुलन बिगड़ गया और वे सड़क पर गिर पड़ीं। हादसे में उनके हाथ-पैर में गंभीर चोटें आई हैं।
पुलिस की कार्रवाई तेज
लगातार सामने आ रही झपटमारी की घटनाओं के बाद टिकरापारा और पुरानी बस्ती पुलिस अलर्ट मोड पर है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और मुखबिरों की मदद से आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। टिकरापारा पुलिस ने 3 संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे बाइकर्स गैंग का खुलासा किया जाएगा।
