छत्तीसगढ़ में जर्जर भवनों पर होगी कार्रवाई, CM साय ने दिए सख्त निर्देश
रायपुर। छत्तीसगढ़ में जर्जर और खतरनाक भवनों को लेकर सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ऐसे भवनों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी जिलों में भवनों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने और जरूरत पड़ने पर जर्जर भवनों को ढहाने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक (SP) को अपने-अपने जिलों में जर्जर भवनों का सेफ्टी ऑडिट कराने के निर्देश दिए हैं। इसका उद्देश्य ऐसे भवनों की पहचान करना है, जिनसे आम लोगों की सुरक्षा को खतरा हो सकता है।
हादसों की आशंका को देखते हुए फैसला
बारिश और लंबे समय से रखरखाव के अभाव में पुराने भवनों के कमजोर होने की आशंका रहती है। ऐसे भवनों के आसपास लोगों की आवाजाही भी खतरे का कारण बन सकती है। सरकार का फोकस संभावित हादसों को पहले ही रोकने पर है।
कलेक्टर-SP करेंगे निगरानी
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन मिलकर जर्जर भवनों की स्थिति का जायजा लेंगे। सुरक्षा मानकों के आधार पर भवनों की जांच की जाएगी और खतरनाक पाए जाने वाले भवनों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
