छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू का बढ़ता कहर, रायपुर में सबसे ज्यादा 56 मरीज
रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू (H1N1) के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार इस साल प्रदेश में अब तक 110 लोगों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हो चुकी है। इनमें सबसे ज्यादा 56 मरीज रायपुर जिले से सामने आए हैं। फिलहाल प्रदेश में 19 मरीज सक्रिय बताए जा रहे हैं।
रायपुर में सबसे ज्यादा मामले
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों में राजधानी रायपुर संक्रमण के मामलों में सबसे आगे है। रायपुर में सामने आए 56 संक्रमितों में से 7 मरीज अभी सक्रिय हैं। इसके बाद बिलासपुर में 12 मामले सामने आए हैं, जिनमें 2 मरीज एक्टिव हैं।
धमतरी में 7, दुर्ग में 7, रायगढ़ में 5 और कोरबा में 5 संक्रमित मिले हैं। वहीं बेमेतरा में भी 3 मामले दर्ज किए गए हैं। कई अन्य जिलों में भी स्वाइन फ्लू के मरीज सामने आए हैं, हालांकि वहां फिलहाल सक्रिय मरीज नहीं हैं।
स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खासतौर पर छोटे बच्चों, बुजुर्गों और पहले से गंभीर बीमारी से जूझ रहे लोगों को अधिक सावधानी बरतने की जरूरत बताई गई है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक स्वाइन फ्लू में बुखार, खांसी, गले में खराश, नाक बहना या बंद होना, सिरदर्द, शरीर में दर्द और अत्यधिक थकान जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। कुछ मामलों में उल्टी या दस्त की शिकायत भी हो सकती है।
लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें
लगातार बुखार, खांसी, सांस लेने में परेशानी या अत्यधिक कमजोरी जैसे लक्षणों को सामान्य वायरल समझकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ऐसे लक्षण होने पर चिकित्सकीय सलाह लेना जरूरी है। खुद से दवा लेने के बजाय डॉक्टर की सलाह के अनुसार जांच और उपचार कराना बेहतर है।
स्वाइन फ्लू से बचाव के लिए खांसते या छींकते समय मुंह और नाक ढकें, हाथों को नियमित रूप से साबुन-पानी से धोएं और बीमारी के लक्षण होने पर भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचें। स्वास्थ्य विभाग फिलहाल स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
