Tue. Sep 22nd, 2026

मंगेतर मर्डर केस: आरोपी सिया की मां बोलीं- ‘बेटी दोषी है तो फांसी दे दो’, 2004 कॉल्स ने खोला खूनी राज

पुणे: महाराष्ट्र के पुणे में हुए मशहूर बिजनेसमैन के बेटे केतन अग्रवाल हत्याकांड ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। इस हाई-प्रोफाइल मर्डर केस में अब आरोपी मंगेतर सिया गोयल के माता-पिता पहली बार मीडिया के सामने आए हैं। सिया के पिता प्रवीण गोयल, जो कि खुद हार्ट अटैक के बाद अस्पताल में भर्ती हैं, उन्होंने भावुक होते हुए कहा, “इस मामले में जो भी आरोपी हो, चाहे वो मेरी बेटी ही क्यों न हो, उसे भी लोहगढ़ किले से नीचे धक्का दे देना चाहिए।” वहीं सिया की मां पूजा गोयल ने साफ शब्दों में कहा कि अगर उनकी बेटी ने यह गुनाह किया है, तो उसे फांसी की सजा मिलनी चाहिए।

​’शादी से खुश थी सिया, केतन हमें बेटे जैसा प्यार देता था’

​अस्पताल के बेड से मीडिया से बात करते हुए पिता प्रवीण गोयल ने दावा किया कि सिया इस रिश्ते से बेहद खुश थी। उसने खुद ही केतन से रिश्ता तय करने को कहा था। उन्होंने कहा, “सगाई के बाद सिया हमेशा केतन की बातें करती थी और उसके परिवार की तारीफ करती थी। शादी के खर्च को लेकर मीडिया में गलत खबरें चल रही हैं, कोई प्लेन बुक नहीं हुआ था और कुल खर्च 4 से साढ़े चार करोड़ के बीच ही आने वाला था।”

​सिया की मां पूजा गोयल ने रोते हुए कहा कि केतन उन्हें सगे बेटे से भी ज्यादा प्यार देता था। उन्होंने दावा किया कि सिया ऐसा कदम नहीं उठा सकती, लेकिन अगर जांच में वह दोषी पाई जाती है, तो कानून उसे कड़ी से कड़ी सजा दे।

​31 मई को आया आइडिया, 18 जून को ऐसे दिया वारदात को अंजाम

​पुलिस की पूछताछ और जांच में जो टाइमलाइन सामने आई है, वो किसी थ्रिलर फिल्म की स्क्रिप्ट जैसी है। सिया और उसके बॉयफ्रेंड चेतन चौधरी ने मिलकर केतन को रास्ते से हटाने के लिए कई बार कोशिशें कीं:

  • 31 मई (पहला आइडिया): केतन और सिया लोहगढ़ किला घूमने गए थे। केतन को ट्रैकिंग का शौक था। जब वह किले की एक खतरनाक चोटी पर बैठा था, तभी सिया के दिमाग में उसे धक्का देकर मारने का ख्याल आया।
  • 6 जून (पासपोर्ट छुपाया): दोनों का बाली (इंडोनेशिया) जाने का प्लान था। केतन के साथ न जाना पड़े, इसलिए सिया ने उसका पासपोर्ट छिपा दिया।
  • 14 जून (सांप का बहाना): सिया दोबारा केतन को लोहगढ़ ले गई और पीछे से धक्का दे दिया। किस्मत से केतन एक पेड़ के सहारे बच गया। जब उसने पूछा तो सिया ने झूठ बोल दिया कि वहाँ सांप था और वह उसे बचा रही थी।
  • 17 जून (मर्डर का फाइनल प्लान): हत्या से एक दिन पहले सिया और उसका प्रेमी चेतन चौधरी पुणे के एक कैफे में मिले। उन्होंने किले का वो पॉइंट तय किया जहाँ सीसीटीवी न हो। बैकअप प्लान यह था कि अगर केतन किले से बच गया, तो 20 जून के बाद उसका रोड एक्सीडेंट करवा दिया जाएगा।
  • 18 जून (खाई में धकेला): 19 जून को सिया का बर्थडे था। प्री-वेडिंग शूट का बहाना बनाकर सिया, केतन को फिर लोहगढ़ ले गई। इस बार पीछे-पीछे उसका बॉयफ्रेंड चेतन भी था। मौका पाकर दोनों ने केतन को गहरी खाई में धक्का दे दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

​इन 3 सुरागों ने खोल दी सिया के ‘लव ट्रैप’ की पोल

1. हावभाव और झूठ पकड़ा गया: मौत के बाद 21 जून को जब सिया केतन के घर पहुँची, तो केतन की बहन ने उससे पूछा कि भाई कैसे गिरा? सिया घबरा गई और ठीक से जवाब नहीं दे पाई। केतन एक प्रोफेशनल ट्रैकर था, इसलिए परिवार को शक हुआ कि वह इतनी आसानी से नहीं गिर सकता।

2. तपती गर्मी में हुडी पहने वो अनजान लड़का: पुलिस ने जब लोहगढ़ किले के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तो कड़कती गर्मी में एक लड़का हुडी पहने और चेहरा छुपाए सिया-केतन के पीछे घूमता दिखा। यह कोई और नहीं, बल्कि सिया का बॉयफ्रेंड चेतन चौधरी था।

3. 2004 कॉल्स और 338 घंटे की बातचीत: पुलिस ने जब सिया की कॉल डिटेल्स (CDR) निकाली, तो होश उड़ गए। जनवरी से लेकर मर्डर वाले दिन सुबह 7 बजे तक सिया ने एक ही नंबर पर 2004 बार कॉल की थी और करीब 338 घंटे बात की थी। यह नंबर चेतन चौधरी का था।

 

​क्यों की हत्या? सामने आई दो बड़ी वजहें

​पुलिस पूछताछ के मुताबिक, सिया इस शादी के लिए मानसिक रूप से तैयार नहीं थी। उसने पुलिस को बताया कि उसने केतन से शादी के लिए मना किया था, लेकिन केतन और परिवार वाले तैयारियों में जुटे थे। वहीं प्रेमी चेतन ने खुलासा किया कि सिया समाज और परिवार की बदनामी के डर से शादी तोड़कर भागना नहीं चाहती थी, इसलिए उसने केतन को हमेशा के लिए रास्ते से हटाने का खूनी रास्ता चुना।

​फिलहाल पुणे की मजिस्ट्रेट कोर्ट ने आरोपी सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी को 29 जून तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। पुलिस चेतन के दुकान के कर्मचारी नीरज को भी हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है, जिसके फोन का इस्तेमाल वारदात के दिन किया गया था।

About The Author