Tue. Sep 22nd, 2026

नशीला ड्रिंक पिलाकर बनाया अश्लील वीडियो, फिर 2.17 लाख की ब्लैकमेलिंग; रायपुर में दो महिलाएं गिरफ्तार

नशीला ड्रिंक पिलाकर बनाया अश्लील वीडियो, फिर 2.17 लाख की ब्लैकमेलिंग; रायपुर में दो महिलाएं गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी रायपुर में ब्लैकमेलिंग का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में दो महिलाओं ने एक युवक को अपने जाल में फंसाकर पहले उसे नशीला पदार्थ पिलाया, फिर उसकी आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बना लिए। इसके बाद सोशल मीडिया और परिवार के लोगों को वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उससे अलग-अलग किश्तों में करीब 2 लाख 17 हजार रुपये वसूल लिए। मामले का खुलासा होने के बाद गुढ़ियारी पुलिस ने दोनों महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

ऐसे रची गई ब्लैकमेलिंग की साजिश

पुलिस के अनुसार, पीड़ित ने शिकायत दर्ज कराई कि उसकी परिचित एक महिला ने उसे अपने घर बुलाया। वहां पहले से मौजूद दूसरी महिला के साथ मिलकर उसे शराब में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया गया। युवक के बेहोशी जैसी स्थिति में पहुंचने के बाद उसकी आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बना लिए गए।

इसके बाद आरोपी महिलाओं ने उन फोटो और वीडियो को सोशल मीडिया तथा परिवार के सदस्यों को भेजकर वायरल करने की धमकी दी। डर के कारण पीड़ित ने कई बार ऑनलाइन भुगतान किया और कुल मिलाकर करीब 2.17 लाख रुपये आरोपियों के खातों में ट्रांसफर कर दिए।

डिजिटल साक्ष्यों से खुला पूरा राज

पीड़ित की शिकायत मिलने के बाद गुढ़ियारी थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू की। जांच के दौरान मोबाइल चैट, बैंकिंग ट्रांजेक्शन, फोन-पे/यूपीआई रिकॉर्ड और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की बारीकी से पड़ताल की गई।

साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने दोनों महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से घटना में इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामग्री भी जब्त की गई है।

इन धाराओं में दर्ज हुआ केस

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 265/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(2) एवं 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस की लोगों से अपील

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति अश्लील फोटो या वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पैसे की मांग करता है, तो घबराने के बजाय तुरंत पुलिस को सूचना दें। समय पर शिकायत करने से ऐसे गिरोहों पर प्रभावी कार्रवाई की जा सकती है।

About The Author