तैरने की शर्त बनी मौत का कारण, 72 घंटे बाद मिला आदिल का शव
रायपुर। राजधानी रायपुर के माना थाना क्षेत्र के नकटी गांव स्थित ब्लू वाटर खदान में दोस्तों के साथ तैरने की शर्त लगाना 24 वर्षीय आदिल खान को भारी पड़ गया। गहरे पानी में डूबे आदिल की करीब 72 घंटे तक तलाश चलती रही। आखिरकार शनिवार देर रात उसका शव पानी की सतह पर दिखाई दिया।
दोस्तों के साथ पहुंचा था ब्लू वाटर
जानकारी के मुताबिक आदिल बुधवार को अपने दोस्तों के साथ ब्लू वाटर खदान घूमने पहुंचा था। इसी दौरान खदान के एक छोर से दूसरे छोर तक तैरकर जाने की शर्त लग गई। आदिल और उसका एक साथी पानी में उतरे। साथी सुरक्षित बाहर निकल आया, लेकिन आदिल गहरे पानी में चला गया और फिर दिखाई नहीं दिया। घटना का वीडियो भी सामने आया था।
400 फीट तक गहरी है खदान
हादसे के बाद पुलिस और SDRF की टीम ने तलाश अभियान शुरू किया। खदान की गहराई करीब 400 फीट तक बताई जा रही है, जिसके चलते रेस्क्यू टीम को तलाशी में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। शुरुआती दौर में टीम सीमित गहराई तक ही पहुंच सकी थी।
ब्लू वाटर में पहले भी हो चुके हैं हादसे
नकटी गांव के पास स्थित यह खदान पहले भी डूबने की घटनाओं को लेकर चर्चा में रही है। उपलब्ध रिपोर्टों के मुताबिक वर्ष 2017 से अब तक यहां कई युवाओं की डूबने से मौत हो चुकी है। आदिल की मौत के बाद एक बार फिर यहां सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
एक शर्त और परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
दोस्तों के साथ घूमने निकले आदिल ने शायद सोचा भी नहीं होगा कि कुछ पल की तैराकी की शर्त इतनी बड़ी त्रासदी में बदल जाएगी। 72 घंटे तक चले तलाशी अभियान के बाद शव मिलने की खबर से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
