रायपुर के ऑक्टोपस बार में भीषण आग, 4 दुकानें राख
खबर
रायपुर। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा चौक स्थित ऑक्टोपस बार के पास मंगलवार देर रात भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार आग रात करीब 1 बजे एक हार्डवेयर दुकान में लगी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और ऑक्टोपस बार समेत आसपास की चार दुकानों, एक होटल तथा बाहर खड़े कई वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि दुकानों में रखा सामान बचाने का मौका नहीं मिला। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बताया जा रहा है कि आग बुझाने के लिए करीब 13 फायर टेंडरों को लगाया गया।
इस हादसे में ऑक्टोपस बार सहित चार दुकानें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। दुकानों के बाहर खड़े कई दोपहिया वाहन भी जल गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, हालांकि लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
पुलिस और फायर विभाग ने मौके का निरीक्षण कर आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में आग की शुरुआत हार्डवेयर दुकान से होने की बात सामने आई है, जबकि वास्तविक कारण का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
