Thu. Aug 6th, 2026

रायपुर पुलिस का ‘ऑपरेशन कालचक्र’, 190 वारंट तामील; 29 पर कार्रवाई

रायपुर पुलिस का ‘ऑपरेशन कालचक्र’, 190 वारंट तामील; 29 पर कार्रवाई

रायपुर। राजधानी में अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने एक बार फिर बड़ा अभियान चलाया। ‘ऑपरेशन कालचक्र’ के तहत डीसीपी नॉर्थ जोन के विभिन्न थाना क्षेत्रों में विशेष कॉम्बिंग गश्त और सघन अभियान चलाया गया। इस कार्रवाई में 190 वारंटों की तामीली, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और असामाजिक तत्वों पर कड़ी वैधानिक कार्रवाई की गई।

यह अभियान डीसीपी (नॉर्थ) मयंक गुर्जर के निर्देशन और सभी राजपत्रित अधिकारियों की निगरानी में चलाया गया। अभियान का उद्देश्य अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना, फरार आरोपियों को पकड़ना और कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाना था।

190 वारंटों की तामीली, फरार आरोपी भी गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान उरला, खमतराई, पंडरी, खम्हारडीह सहित नॉर्थ जोन के विभिन्न थाना क्षेत्रों में संयुक्त कार्रवाई की गई।

इस दौरान कुल 190 वारंटों की तामीली की गई, जिनमें—

  • 24 स्थायी वारंट
  • 68 गिरफ्तारी वारंट
  • 98 जमानती वारंट

शामिल हैं। इसके अलावा विभिन्न मामलों में फरार चल रहे आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया।

29 लोगों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

कॉम्बिंग अभियान के दौरान आदतन अपराधियों, निगरानी बदमाशों, गुंडा बदमाशों और चाकूबाजों की विशेष जांच की गई।

कानून-व्यवस्था भंग करने की आशंका को देखते हुए बीएनएसएस की धारा 170/126/135 के तहत 29 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।

अवैध शराब और हथियार रखने वालों पर भी शिकंजा

विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ भी सख्त कदम उठाए।

  • आबकारी एक्ट के 8 मामलों में कार्रवाई की गई।
  • आर्म्स एक्ट के 3 मामलों में आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई।

इसके साथ ही अवैध शराब की बिक्री में संलिप्त लोगों, उभरते बदमाशों और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर उन्हें कड़ी चेतावनी दी गई।

रातभर चली कॉम्बिंग गश्त

रात्रिकालीन कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस ने संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाई। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी गई और आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत करने के लिए लगातार पेट्रोलिंग की गई।

आगे भी जारी रहेगा अभियान

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने स्पष्ट किया है कि ‘ऑपरेशन कालचक्र’ जैसे विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। अपराधियों, फरार आरोपियों और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई भविष्य में भी इसी तरह जारी रहेगी।

About The Author