Fri. Nov 6th, 2026

रायपुर प्रेस क्लब में दिनदहाड़े फायरिंग: मेंबरशिप विवाद में युवक पलाश तिवारी ने चलाई गोली, पुलिस ने मौके से दबोचा

रायपुर: राजधानी के कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले रायपुर प्रेस क्लब में आज दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवक ने परिसर के भीतर घुसकर हवाई फायरिंग कर दी। सदस्यता (मेंबरशिप) को लेकर हुए विवाद के बाद युवक ने इस वारदात को अंजाम दिया। वहां मौजूद लोगों और पुलिस की तत्परता से आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया गया।

 

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी का नाम पलाश तिवारी है। प्रत्यक्षदर्शियों और शुरुआती पुलिस जांच के अनुसार, पलाश तिवारी आज प्रेस क्लब पहुंचा था, जहां उसकी सदस्यता के पेंडिंग आवेदन को लेकर वहां मौजूद पदाधिकारियों से तीखी बहस शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि पलाश ने अचानक अपने पास छिपाकर रखा कट्टा (देशी पिस्तौल) निकाला और क्लब के पदाधिकारियों (जिसमें कोषाध्यक्ष और कार्यालय सचिव शामिल थे) की तरफ तानते हुए हवा में गोली चला दी।

 

मौके पर मची अफरा-तफरी, बाल-बाल बचे लोग

 

गोली चलने की आवाज सुनते ही प्रेस क्लब परिसर में मौजूद पत्रकारों, कर्मचारियों और आगंतुकों में भगदड़ मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी को गोली नहीं लगी और कोई हताहत नहीं हुआ।

वहां मौजूद पत्रकारों और स्टाफ ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए आरोपी को घेरने की कोशिश की और पास ही स्थित कोतवाली थाना पुलिस को इसकी सूचना दी। खबर मिलते ही पुलिस की टीम कुछ ही मिनटों में मौके पर पहुंची और मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी पलाश तिवारी को काबू में कर हिरासत में ले लिया।

 

हथियार और कारतूस जब्त, पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी आया सामन

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई देशी पिस्तौल और जिंदा कारतूस जब्त कर लिए हैं।

 

“आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है कि वह यह अवैध हथियार कहां से और किस मकसद से लेकर आया था।” – वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, रायपुर

 

शुरुआती तफ्तीश में आशंका जताई जा रही है कि आरोपी यह हथियार राज्य के बाहर से लेकर आया था, हालांकि पुलिस उसके बयानों की पुष्टि कर रही है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी पलाश तिवारी का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है और उसके खिलाफ पहले भी आज़ाद चौक थाने में मामले दर्ज हो चुके हैं। फिलहाल कोतवाली थाना पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

About The Author