Wed. Nov 11th, 2026

रायपुर में बाजार से लौट रही मां-बेटी पर हमला! दो महिलाओं और युवक पर मारपीट का आरोप, गोलबाजार पुलिस ने दर्ज की FIR

रायपुर। राजधानी में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। बाजार से पूजा का सामान खरीदकर लौट रही मां-बेटी के साथ मारपीट और बदसलूकी का मामला सामने आया है। घटना गोलबाजार थाना क्षेत्र के एवरग्रीन चौक की बताई जा रही है, जहां रास्ता रोककर गाली-गलौज करने के बाद दोनों के साथ मारपीट किए जाने का आरोप है।

मिली जानकारी के मुताबिक, मोवा-पंडरी के अवनि प्राइड निवासी पूजा अग्रवाल 7 नवंबर की रात करीब 10:30 बजे अपनी बेटी के साथ बाजार गई थीं। उन्होंने शास्त्री मार्केट के पास अपनी कार खड़ी की थी। खरीदारी के बाद जब दोनों पैदल लौट रही थीं, तभी स्कूटी सवार दो अज्ञात महिलाएं उनके सामने आ गईं। शिकायत के अनुसार, इसी दौरान विवाद शुरू हुआ और एक युवक भी घटना में शामिल था।

मामले में पीड़िता ने पारिवारिक विवाद से जुड़े लोगों की भूमिका होने की आशंका भी जताई है। हालांकि, इस संबंध में अभी पुलिस जांच बाकी है। पूजा अग्रवाल ने मेकाहारा अस्पताल में उपचार कराने के बाद गोलबाजार थाने में शिकायत दर्ज कराई।

गोलबाजार पुलिस ने दो अज्ञात महिलाओं और एक अज्ञात पुरुष के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 296, 3(5) और 351(3) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। फिलहाल आरोपियों की पहचान और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में आरोपियों तक कब पहुंचती है।

About The Author