Wed. Aug 5th, 2026

PM आवास योजना में वसूली कांड! ऑडियो और स्क्रीनशॉट से बढ़ी कार्रवाई की मांग

by—Ashutosh Singh Rajput—

गरियाबंद जिले के ग्राम पंचायत पांडुका में प्रधानमंत्री आवास योजना के नाम पर कथित अवैध वसूली का मामला अब और गंभीर होता नजर आ रहा है। मामले में ऑडियो रिकॉर्डिंग और पैसों के ट्रांजैक्शन के स्क्रीनशॉट सामने आने के बाद ग्रामीणों ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग तेज कर दी है।

शिकायतकर्ता मिलेश्वरी निर्मलकर ने कलेक्टर जनदर्शन में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि जनपद पंचायत छुरा क्षेत्र में योजना का लाभ दिलाने के नाम पर हितग्राहियों से अवैध रूप से पैसे लिए गए। शिकायत के बाद हुई विभागीय जांच में भी वसूली के आरोपों की पुष्टि होने की बात सामने आई है।

25 नवंबर 2024 की जांच रिपोर्ट के अनुसार, कई ग्रामीणों से राशि ली गई। शिकायतकर्ता का दावा है कि उन्होंने स्वयं सहित अन्य लोगों ने भी पैसे दिए। इसी बीच 16,100 रुपये उपसरपंच भवानी शंकर सोनी के मोबाइल नंबर पर ट्रांसफर किए जाने का कथित स्क्रीनशॉट भी साक्ष्य के रूप में प्रस्तुत किया गया है।

मामले में एक कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग भी सामने आई है, जिसमें पैसों के लेन-देन को लेकर बातचीत होने का दावा किया जा रहा है। हालांकि प्रशासन की ओर से ऑडियो की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है, लेकिन जांच में इसे अहम साक्ष्य माना जा रहा है।

जांच दल ने उपलब्ध दस्तावेजों, बयानों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर प्राथमिक तौर पर यह पाया कि उपसरपंच भवानी शंकर सोनी और पंच चमन देवांगन द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के नाम पर अवैध वसूली की गई। ग्रामीणों का आरोप है कि गरीब हितग्राहियों से सरकारी योजना का लाभ दिलाने के एवज में पैसे लेना शासन की मंशा के खिलाफ है।

शिकायतकर्ता ने प्रशासन से मांग की है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, उन्हें भविष्य में चुनाव लड़ने से प्रतिबंधित किया जाए और वसूली गई राशि पीड़ितों को वापस दिलाई जाए।

मामले को लेकर गांव में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द और सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो लोगों का प्रशासन पर भरोसा कमजोर होगा और भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिलेगा।

—Ashutosh singh rajput

About The Author