चलती कार में स्टंटबाजी का वीडियो वायरल, युवकों ने डाली अपनी और दूसरों की जान जोखिम में
Screenshot
राजधानी रायपुर में सोशल मीडिया रील बनाने के चक्कर में युवकों द्वारा खतरनाक स्टंट करने का मामला सामने आया है। घड़ी चौक से तेलीबांधा रोड जाने वाले मार्ग पर चलती कार में स्टंट करते युवकों का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में दो युवक तेज रफ्तार से चल रही कार की सनरूफ और खिड़की से बाहर निकलकर डांस करते दिखाई दे रहे हैं। उनकी यह हरकत न केवल यातायात नियमों का खुला उल्लंघन है, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य वाहन चालकों और राहगीरों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा पैदा कर रही है।
जानकारी के मुताबिक स्टंटबाजी में इस्तेमाल की गई कार का नंबर CG 04 PN 1405 बताया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने नाराजगी जताते हुए संबंधित युवकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
गौरतलब है कि रायपुर यातायात पुलिस सड़क सुरक्षा को लेकर लगातार अभियान चला रही है। शहर में नियमित रूप से रात्रिकालीन गश्त, वाहन चेकिंग और ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ विशेष कार्रवाई की जाती है। शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर चालानी कार्रवाई के साथ कई मामलों में न्यायालयीन कार्रवाई भी की जाती है।
इसके बावजूद सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने की चाह में कुछ युवा अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डालकर स्टंटबाजी कर रहे हैं। ऐसे मामलों में पुलिस द्वारा पहचान कर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की जा सकती है।
