होटलों पर पुलिस की अचानक रेड, ओवरलाइट, अवैध शराब और पार्किंग व्यवस्था की जांच
रायपुर ग्रामीण पुलिस ने रायपुर-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित ढाबों, होटलों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में सघन आकस्मिक जांच अभियान चलाया। इस दौरान सड़क सुरक्षा, पार्किंग व्यवस्था और अवैध गतिविधियों की रोकथाम को लेकर संचालकों को सख्त निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण स्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देशन में थाना धरसीवा और सिलतरा चौकी पुलिस की टीमों ने हाईवे किनारे संचालित प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान सड़क सुरक्षा और यातायात प्रबंधन से जुड़े दिशा-निर्देशों के पालन पर विशेष जोर दिया गया।
अभियान में पुलिस ने ढाबों और होटलों में लगाई गई तेज रोशनी वाली हाई इंटेंसिटी लाइट्स की भी जांच की। अधिकारियों ने बताया कि ऐसी चकाचौंध पैदा करने वाली लाइटें हाईवे से गुजरने वाले वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का कारण बन सकती हैं। इसलिए इन्हें बंद रखने के निर्देश दिए गए।
सड़क किनारे खड़े ट्रकों पर सख्ती
पुलिस ने भारी वाहनों और ट्रकों को राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे अनियंत्रित तरीके से खड़ा करने पर सख्ती दिखाई। वाहन चालकों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने और पार्किंग के दौरान पार्किंग लाइट चालू रखने के निर्देश दिए गए, ताकि सड़क हादसों की आशंका कम हो सके।
ढाबों में शराब पिलाने पर होगी कार्रवाई
निरीक्षण के दौरान पुलिस ने स्पष्ट किया कि बिना वैधानिक अनुमति के किसी भी ढाबे या होटल में शराब की बिक्री या सेवन कराना पूरी तरह प्रतिबंधित है। नियमों के उल्लंघन की स्थिति में आबकारी अधिनियम और अन्य कानूनी प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने की अपील
पुलिस अधिकारियों ने ढाबा और होटल संचालकों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, अवैध कारोबार या कानून-व्यवस्था से जुड़ी जानकारी तत्काल नजदीकी थाने या डायल-112 को दें।
रायपुर ग्रामीण पुलिस का कहना है कि हाईवे पर सड़क सुरक्षा मजबूत करने, अपराधों की रोकथाम और यात्रियों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे।
