Wed. Aug 5th, 2026

छत्तीसगढ़ में नए शिक्षा सत्र की शुरुआत, तिलक लगाकर हुआ बच्चों का स्वागत

गर्मी की लंबी छुट्टियों के बाद सोमवार को छत्तीसगढ़ के सरकारी और निजी स्कूलों में एक बार फिर रौनक लौट आई। नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के साथ प्रदेशभर के विद्यालयों में उत्साह, उमंग और खुशियों का माहौल देखने को मिला। स्कूलों में बच्चों की चहल-पहल से परिसर गुलजार नजर आए।

पहली बार स्कूल पहुंचने वाले नन्हे विद्यार्थियों से लेकर पुराने छात्रों तक का शिक्षकों ने आत्मीय स्वागत किया। कई विद्यालयों में बच्चों का तिलक लगाकर अभिनंदन किया गया और उन्हें पाठ्यपुस्तकें भेंट कर नए सत्र की शुभकामनाएं दी गईं। लंबे अवकाश के बाद दोस्तों और शिक्षकों से मुलाकात को लेकर विद्यार्थियों में खास उत्साह दिखाई दिया।

16 से 27 जून तक चलेगा शाला प्रवेश उत्सव

नए शिक्षा सत्र के साथ ही प्रदेशभर में 16 जून से 27 जून तक शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक बच्चों को विद्यालयों से जोड़ना और शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इस दौरान स्कूलों में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर नए विद्यार्थियों का स्वागत किया जाएगा तथा उन्हें शिक्षा से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

30 जून को होगा मुख्य कार्यक्रम

शाला प्रवेश उत्सव का मुख्य कार्यक्रम 30 जून को आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री, स्कूल शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। संभाग स्तरीय कार्यक्रमों में विद्यार्थियों को गणवेश, पाठ्यपुस्तकें और साइकिलों का वितरण किया जाएगा, ताकि उन्हें पढ़ाई के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध हो सकें।

नौनिहालों के लिए यादगार बना पहला दिन

राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों में स्कूल का पहला दिन बच्चों के लिए यादगार रहा। पहली बार स्कूल पहुंचे नौनिहालों का फूल, तिलक और मिठाई के साथ स्वागत किया गया। कई स्कूलों में रंग-बिरंगी सजावट की गई, जिससे बच्चों के मन से स्कूल का डर दूर हो और वे खुशी के साथ अपने शैक्षणिक सफर की शुरुआत कर सकें।

अभिभावकों ने भी बच्चों के साथ इस खास पल को उत्साहपूर्वक साझा किया और नए शिक्षा सत्र की शुरुआत पर खुशी जताई

About The Author