दुष्कर्म केस में जेल में बंद ‘चावल वाले बाबा’ की बिगड़ी तबीयत, जांच के लिए रायपुर लाया गया
रायपुर। दुष्कर्म के आरोप में महासमुंद सेंट्रल जेल में बंद कथावाचक और ज्योतिषाचार्य Narendra Nayan Shastri की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें शनिवार को कड़ी सुरक्षा के बीच रायपुर लाया गया। स्वास्थ्य संबंधी जांच के लिए पूरी प्रक्रिया गोपनीय तरीके से की गई।
जानकारी के अनुसार, जेल प्रशासन ने उनकी तबीयत खराब होने की सूचना मिलने के बाद चिकित्सकीय परीक्षण कराने का निर्णय लिया। पुलिस सुरक्षा में उन्हें पहले रायपुर केंद्रीय जेल लाया गया, जहां आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की गईं। इसके बाद उन्हें इलाज और जांच के लिए Dr. Bhimrao Ambedkar Memorial Hospital भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई।
सोनोग्राफी समेत कई जांच होंगी
सूत्रों के मुताबिक नरेंद्र नयन शास्त्री की सोनोग्राफी सहित अन्य जरूरी मेडिकल जांच कराई जानी हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद डॉक्टरों की सलाह के अनुसार आगे की कार्रवाई तय होगी। संभावना है कि स्वास्थ्य परीक्षण पूरा होने के बाद उन्हें वापस महासमुंद सेंट्रल जेल भेज दिया जाएगा।
दुष्कर्म के आरोप में हुई थी गिरफ्तारी
महासमुंद जिले के बागबाहरा थाना क्षेत्र की एक महिला ने नरेंद्र नयन शास्त्री के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया था। पुलिस जांच के दौरान आरोपों से जुड़े प्रारंभिक तथ्य सामने आने के बाद उनके खिलाफ गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया था।
इसके बाद पुलिस ने उन्हें रायपुर जिले के सिलयारी क्षेत्र से गिरफ्तार किया था। मामला फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन है और न्यायिक प्रक्रिया जारी है।
मीडिया के सवालों पर बोले- ‘हो सकती है साजिश’
रायपुर लाए जाने के दौरान मीडिया ने जब उनसे आरोपों के बारे में सवाल किए तो उन्होंने सीधे तौर पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। हालांकि उन्होंने इतना जरूर कहा कि “हो सकता है यह मेरे खिलाफ कोई साजिश हो।”
‘चावल वाले बाबा’ के नाम से थे प्रसिद्ध
रायपुर जिले के सिलयारी निवासी नरेंद्र नयन शास्त्री धार्मिक कथाओं और ज्योतिष कार्यक्रमों के कारण लंबे समय से चर्चित रहे हैं। श्रद्धालुओं के बीच उनकी पहचान ‘चावल वाले बाबा’ के रूप में बनी थी। दावा किया जाता था कि वे चावल देखकर लोगों का भविष्य बताते थे, जिसके चलते उनके कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में लोग पहुंचते थे।
हालांकि दुष्कर्म के आरोप सामने आने और गिरफ्तारी के बाद उनका नाम विवादों में आ गया। फिलहाल मामले की सुनवाई न्यायालय में चल रही है और आरोपों पर अंतिम निर्णय आना बाकी है।
