हिट एंड रन से मचा हड़कंप, फ्लाईओवर पर कई लोग घायल
रायपुर: फ्लाईओवर पर हिट एंड रन से मचा हड़कंप, कई लोगों को टक्कर मारकर महिला चालक फरार
राजधानी रायपुर में शुक्रवार को एक कथित हिट एंड रन की घटना ने लोगों को दहला दिया। दुर्ग की ओर से पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय की तरफ आने वाले आमानाका फ्लाईओवर के ढलान पर एक तेज रफ्तार कार ने कई वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में कई लोग घायल हुए हैं, जबकि कई दोपहिया और अन्य वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, CG04-PX-8883 नंबर की एक चार पहिया कार को एक महिला चला रही थी। आरोप है कि चालक ने लापरवाही और तेज गति से वाहन चलाते हुए रास्ते में कई लोगों और वाहनों को टक्कर मार दी। घटना के बाद चालक मौके पर रुके बिना कार लेकर फरार हो गई।
हादसे के दौरान सड़क पर गिर गई नंबर प्लेट
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दुर्घटना के दौरान कार की नंबर प्लेट सड़क पर गिर गई। इसी के आधार पर पुलिस को वाहन की पहचान करने में महत्वपूर्ण सुराग मिला है। पुलिस अब वाहन और उसके चालक तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
सरस्वती नगर थाना पुलिस कर रही जांच
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने सरस्वती नगर थाना पुलिस को जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंची, घायलों की जानकारी जुटाई और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जानकारी के आधार पर संबंधित वाहन और चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
घायलों का उपचार जारी
हादसे में घायल लोगों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं क्षतिग्रस्त वाहनों को भी मौके से हटाया गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि दुर्घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके।
पुलिस ने लोगों से की अपील
पुलिस ने अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति ने इस दुर्घटना को प्रत्यक्ष रूप से देखा है या उसके पास घटना से जुड़ा कोई वीडियो या अन्य साक्ष्य है, तो वह जांच में सहयोग के लिए पुलिस से संपर्क करे।
