Thu. Aug 6th, 2026

रायपुर में डोमिनोज पिज्जा आउटलेट पर निगम की कार्रवाई, गंदगी और नियम उल्लंघन पर ₹10 हजार का ई-जुर्माना

डुमरतराई स्थित आउटलेट में खाद्य सामग्री पर मक्खियां भिनभिनाती मिलीं, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों के उल्लंघन पर नगर निगम जोन-10 स्वास्थ्य विभाग ने की कार्रवाई।

रायपुर। नगर पालिक निगम रायपुर के जोन क्रमांक-10 स्वास्थ्य विभाग ने डुमरतराई स्थित लक्ष्मीकांत डोमिनोज पिज्जा दुकान में स्वच्छता संबंधी शिकायत मिलने के बाद औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दुकान में गंदगी, खाद्य सामग्री पर मक्खियों की मौजूदगी तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों के उल्लंघन की पुष्टि हुई।

नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश एवं जोन-10 कमिश्नर मोनेश्वर शर्मा के मार्गदर्शन में हुई कार्रवाई के दौरान जोन स्वास्थ्य अधिकारी अमित बेहरा ने संबंधित संचालक पर 10 हजार रुपये का ई-जुर्माना लगाया। साथ ही भविष्य में स्वच्छता नियमों का सख्ती से पालन करने की चेतावनी भी दी गई।

निरीक्षण के दौरान स्वच्छता निरीक्षक यशवंत बेरिहा, राहुल वैष्णव और लक्की पाल भी मौजूद रहे। नगर निगम ने बताया कि प्राप्त जनशिकायत सही पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई कर शिकायत का त्वरित निराकरण किया गया।

About The Author