रायपुर में अवैध कब्जों पर एक्शन, फुटपाथ हुए खाली
पचपेड़ी नाका में चला बुलडोजर, सड़क और फुटपाथ से हटे अवैध कब्जे
रायपुर। राजधानी रायपुर में लगातार बढ़ते ट्रैफिक जाम और सड़क पर अवैध कब्जों के खिलाफ शुक्रवार को यातायात पुलिस और नगर निगम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए पचपेड़ी नाका, पुजारी पार्क और पंडरी कपड़ा मार्केट मंडी गेट क्षेत्र में विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस कार्रवाई के दौरान सड़क और फुटपाथ पर अवैध रूप से कब्जा कर व्यवसाय चला रहे ठेले, गुमटियों और अन्य अस्थायी अतिक्रमणों को हटाया गया। अभियान के बाद इन इलाकों में यातायात पहले की तुलना में अधिक सुचारु और व्यवस्थित नजर आया।
यातायात पुलिस के अनुसार यह अभियान शहर में सुरक्षित, व्यवस्थित और जाम-मुक्त यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया गया। कार्रवाई के दौरान उन दुकानदारों और व्यापारियों को भी चेतावनी दी गई, जिन्होंने सड़क पर सामान फैलाकर आवागमन में बाधा उत्पन्न कर रखी थी। अधिकारियों ने मौके पर ही अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए और सार्वजनिक मार्ग को पूरी तरह खाली कराया।
अभियान के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क और फुटपाथ आम जनता के उपयोग के लिए होते हैं। इन स्थानों पर अवैध कब्जा न केवल यातायात को प्रभावित करता है, बल्कि दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ा देता है। सभी अतिक्रमणकर्ताओं को भविष्य में दोबारा कब्जा नहीं करने की सख्त हिदायत दी गई। साथ ही यह भी बताया गया कि दोबारा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
राहगीरों और वाहन चालकों को मिली राहत
कार्रवाई पूरी होने के बाद पचपेड़ी नाका और पंडरी कपड़ा मार्केट क्षेत्र में यातायात पहले की अपेक्षा काफी सहज दिखाई दिया। स्थानीय नागरिकों, वाहन चालकों और राहगीरों ने अभियान का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे अभियान नियमित रूप से चलाए जाने चाहिए, ताकि शहर की प्रमुख सड़कें अतिक्रमण मुक्त रहें और लोगों को जाम की समस्या से राहत मिल सके।
डीसीपी अर्चना झा की अपील
डीसीपी यातायात श्रीमती अर्चना झा ने शहरवासियों और व्यापारियों से अपील करते हुए कहा कि सड़क, फुटपाथ और सार्वजनिक मार्गों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करें। उन्होंने कहा कि बेहतर यातायात व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन और आम नागरिकों की साझा जिम्मेदारी है। यातायात पुलिस और नगर निगम भविष्य में भी ऐसे संयुक्त अभियान लगातार जारी रखेंगे ताकि रायपुर की सड़कें सुरक्षित, सुव्यवस्थित और जाम-मुक्त बनी रहें।
