रायपुर: टेकारी गांव के खार में मिला अज्ञात युवक का शव, हत्या की आशंका, जांच में जुटी पुलिस और FSL टीम

रायपुर। राजधानी रायपुर के विधानसभा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले टेकारी गांव से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां गांव के पास स्थित खार (खेत) में सोमवार को एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ है। राहगीरों की नजर जब शव पर पड़ी, तो उन्होंने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और फॉरेंसिक (FSL) की टीम तुरंत मौके पर पहुंची।
2 से 3 दिन पुराना है शव, हत्या की आशंका
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, शव करीब दो से तीन दिन पुराना लग रहा है। शव की स्थिति को देखते हुए मौत को बेहद संदिग्ध माना जा रहा है, जिसके चलते पुलिस हत्या के एंगल से भी इनकार नहीं कर रही है। FSL की टीम ने घटनास्थल की घेराबंदी कर बारीकी से निरीक्षण किया है और कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं।
शिनाख्त में जुटी पुलिस, पीएम रिपोर्ट का इंतजार
विधानसभा थाना प्रभारी शिवेंद्र सिंह राजपूत ने बताया कि मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। शिनाख्त के लिए आसपास के गांवों और थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाली जा रही है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पंचनामा के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी के अनुसार, मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हत्या, दुर्घटना और अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की विवेचना कर रही है।

