रायपुर में 25 लीटर प्रतिबंधित कोडीन सिरप के साथ आरोपी गिरफ्तार, 249 शीशी जब्त
रायपुर।ऐश्वर्य उपाध्याय
राजधानी रायपुर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गुढ़ियारी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित कोडीन युक्त नशीली सिरप के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 249 शीशी नशीली सिरप और एक मोबाइल फोन जब्त किया गया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 1.40 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी दौरान 5 जून 2026 को सूचना मिली कि गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के झाबक पेट्रोल पंप के पास एक व्यक्ति प्रतिबंधित नशीली सिरप बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है।
सूचना के आधार पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम और सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा के मार्गदर्शन में गुढ़ियारी थाना पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध को घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम अनिल कुमार साहू निवासी दुर्ग बताया।
पुलिस ने आरोपी के बैग की तलाशी ली, जिसमें 249 शीशी कोडीन युक्त प्रतिबंधित नशीली सिरप बरामद हुई। सिरप रखने और बिक्री से संबंधित वैध दस्तावेज मांगने पर आरोपी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 25 लीटर कोडीन युक्त नशीली सिरप और एक मोबाइल फोन जब्त किया। जब्त सामान की कुल कीमत लगभग 1.40 लाख रुपये बताई गई है।
इस मामले में थाना गुढ़ियारी में अपराध क्रमांक 238/2026 के तहत धारा 21(सी) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब मामले में बैकएंड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच कर रही है, ताकि नशीले पदार्थों की आपूर्ति श्रृंखला से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके।
गिरफ्तार आरोपी
अनिल कुमार साहू (33 वर्ष)
पिता – स्व. विजय चंद्र साहू
निवासी – मंगल वाड़ा, थाना चरौदा, जिला दुर्ग।
