दोना-पत्तल मशीन के नाम पर लाखों की ठगी, सोशल मीडिया वाला ठग गिरफ्तार
दोना-पत्तल मशीन के नाम पर लाखों की ठगी, सोशल मीडिया वाला ठग गिरफ्तार
रायपुर। सोशल मीडिया पर कारोबार शुरू कराने और मोटा मुनाफा दिलाने का सपना दिखाकर लोगों को ठगने वाले एक शातिर आरोपी को रायपुर की डीडी नगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने खुद को कंपनी संचालक बताकर दोना-पत्तल बनाने की मशीन, कच्चा माल उपलब्ध कराने और तैयार माल खरीदने का भरोसा दिया। झांसे में आए एक व्यक्ति से उसने करीब 2.95 लाख रुपये ऐंठ लिए।
सोशल मीडिया पर विज्ञापन देखकर किया था संपर्क
पुलिस के मुताबिक पीड़ित ने सोशल मीडिया पर दोना-पत्तल निर्माण उद्योग से जुड़ा विज्ञापन देखा था। विज्ञापन में कम निवेश में अच्छा मुनाफा कमाने का दावा किया गया था। संपर्क करने पर आरोपी ने मशीन उपलब्ध कराने, कच्चा माल देने और तैयार उत्पाद खरीदने का वादा किया।
आरोपी की बातों पर भरोसा कर पीड़ित ने अलग-अलग किश्तों में लगभग 2 लाख 95 हजार रुपये उसके खाते में जमा कर दिए।
पैसे लेने के बाद बदल गया रवैया
रकम मिलने के बाद आरोपी लगातार मशीन और कच्चा माल देने में टालमटोल करता रहा। जब काफी समय बीत गया और कोई व्यवस्था नहीं हुई, तब पीड़ित को अपने साथ ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद उसने डीडी नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
तकनीकी जांच के बाद आरोपी गिरफ्तार
शिकायत मिलने पर पुलिस ने दस्तावेजी और तकनीकी साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान आरोपी से पूछताछ की गई, जिसमें लोगों को अधिक लाभ का लालच देकर रकम लेने के तथ्य सामने आए। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने 39 वर्षीय शैलेन्द्र कुमार रजक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया।
कई और लोगों से ठगी की आशंका
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने 25 से 30 अन्य लोगों को भी इसी तरह अपना शिकार बनाया हो सकता है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अन्य राज्यों के लोगों के साथ भी ठगी की आशंका है। पुलिस अब आरोपी के वित्तीय लेन-देन, बैंक खातों और अन्य दस्तावेजों की गहन जांच कर रही है।
पुलिस की अपील
रायपुर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर दिखने वाले ऐसे विज्ञापनों या निवेश योजनाओं पर बिना पूरी जांच-पड़ताल किए भरोसा न करें। किसी भी व्यवसाय या मशीन खरीदने से पहले कंपनी की वैधता और दस्तावेजों की पुष्टि जरूर करें, ताकि इस तरह की ऑनलाइन ठगी से बचा जा सके।
