Wed. Aug 5th, 2026

टिकरापारा में ‘दीनू’ का आतंक खत्म: लूट, मारपीट और चाकूबाजी करने वाला बदमाश गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी रायपुर के टिकरापारा इलाके में लंबे समय से दहशत फैलाने वाला लूटपाट, मारपीट और चाकू के दम पर लोगों को डराने वाला आदतन बदमाश आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। शराब और पैसे के लिए राह चलते लोगों को रोककर गुंडागर्दी करने वाला आरोपी विशाल बृजवानी उर्फ दीनू अब सलाखों के पीछे है। आरोपी पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और पुलिस अब उसे गुंडा बदमाश सूची में शामिल करने की तैयारी कर रही है।

जानकारी के मुताबिक थाना टिकरापारा क्षेत्र में स्थित साहू कॉम्पलेक्स गोंडवाना भवन के पास आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक युवक को रोका। पहले गाली-गलौज की, फिर हाथ-मुक्कों और डंडे से बेरहमी से मारपीट की। इतना ही नहीं, चाकू दिखाकर युवक को धमकाया गया और एटीएम ले जाकर 10 हजार रुपए निकलवा लिए गए। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे।

पीड़ित विशाल सोनकर ने पुलिस को बताया कि वह 8 मई की शाम ई-स्कूटी से शंकर नगर जा रहा था। इसी दौरान तीन बदमाश बाइक से पहुंचे और जबरन विवाद शुरू कर दिया। विरोध करने पर मारपीट करते हुए उसे अपने कब्जे में लिया और सिद्धार्थ चौक स्थित एटीएम से पैसे निकलवा लिए।

मामले को गंभीरता से लेते हुए Raipur Police के वरिष्ठ अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। थाना टिकरापारा पुलिस ने लगातार दबिश और पूछताछ के बाद आरोपी विशाल बृजवानी उर्फ दीनू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से नगद 2 हजार रुपए और एक धारदार चाकू भी जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ थाना मौदहापारा में एक और थाना टिकरापारा में चार सहित कुल पांच आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। लगातार आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहने के कारण अब उसके खिलाफ गुंडा बदमाश सूची में शामिल करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

फिलहाल पुलिस आरोपी के अन्य फरार साथियों की तलाश में जुटी हुई है।

About The Author