होटल अमृतसरी सील, ₹1 लाख का जुर्माना; बाथरूम के पास रखी मिली बिरयानी, किचन में भारी गंदगी
रायपुर नगर निगम ने घड़ी चौक स्थित होटल अमृतसरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए होटल को सील कर दिया है। निगम ने होटल संचालक पर ₹1 लाख का जुर्माना भी लगाया है। कार्रवाई का कारण लंबे समय से बकाया निगम कर का भुगतान नहीं करना और गंभीर स्वच्छता अनियमितताएं बताया गया है।
नगर निगम की संयुक्त टीम द्वारा किए गए औचक निरीक्षण में होटल परिसर में भारी गंदगी पाई गई। जांच के दौरान सड़क पर किचन संचालित किया जाना, अस्वास्थ्यकर माहौल में भोजन तैयार करना और बाथरूम से सटे स्थान पर बिरयानी रखे जाने जैसी गंभीर लापरवाहियां सामने आईं।
अधिकारियों के अनुसार होटल प्रबंधन को पूर्व में कई बार नोटिस जारी कर व्यवस्थाओं में सुधार करने और बकाया राशि जमा करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। लगातार नियमों की अनदेखी के बाद राजस्व, स्वास्थ्य, बाजार और नगर निवेश विभाग की संयुक्त टीम ने होटल को सील कर दिया।
वर्षों से बकाया था निगम का भुगतान
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि होटल अमृतसरी कई वर्षों से निगम का बकायादार था। बार-बार नोटिस जारी किए जाने के बावजूद होटल प्रबंधन ने बकाया राशि जमा नहीं की। इसके बाद निगम ने सख्त कार्रवाई करते हुए प्रतिष्ठान को सील कर दिया।
बाजारों में भी चला स्वच्छता अभियान
नगर निगम के स्वच्छता अभियान के तहत जोन-4 स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गोलबाजार और मालवीय रोड सहित शहर के प्रमुख बाजारों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान 17 दुकानों में गंदगी और स्वच्छता नियमों का उल्लंघन पाया गया। इसके चलते संबंधित दुकानदारों पर कुल ₹18 हजार का जुर्माना लगाया गया।
नगर निगम ने व्यापारियों और होटल संचालकों से स्वच्छता मानकों का पालन करने तथा निर्धारित नियमों के अनुसार व्यवसाय संचालित करने की अपील की है।
