Mon. Sep 21st, 2026

रायपुर में पुलिस का बड़ा सघन चेकिंग अभियान: 2 चाकूबाज गिरफ्तार, ब्लैक फिल्म वाहनों पर कार्रवाई

by- Aishwary upadhyay

रायपुर। राजधानी रायपुर में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने शनिवार देर शाम विशेष सघन चेकिंग अभियान चलाया। मध्य जोन में चलाए गए इस अभियान के दौरान शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर नाकेबंदी कर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गहन जांच की गई। अभियान में दो चाकूबाजों को गिरफ्तार किया गया, वहीं ब्लैक फिल्म लगे वाहनों पर भी सख्त कार्रवाई की गई।

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की ओर से यह अभियान पुलिस आयुक्त के निर्देशन और पुलिस उपायुक्त (मध्य जोन) के मार्गदर्शन में शनिवार 3 मई 2026 को शाम 7 बजे से रात 10 बजे तक चलाया गया। पुलिस ने मध्य जोन के संवेदनशील इलाकों और प्रमुख मार्गों पर रणनीतिक तरीके से नाकेबंदी पॉइंट बनाए और एरिया सीलबंदी कर चेकिंग की।

इन इलाकों में रही कड़ी निगरानी

अभियान के दौरान कालीबाड़ी चौक, जयस्तंभ चौक, फाफाडीह चौक, अग्रसेन धाम टर्निंग और फुंडहर चौक (एक्सप्रेस-वे) समेत कई स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहा। यहां संदिग्ध वाहनों और लोगों की बारीकी से जांच की गई। इसके अलावा पेट्रोलिंग टीमों के साथ एक विशेष टीम को अड्डेबाजी करने वाले और सक्रिय बदमाशों की तलाश में रवाना किया गया।

पुलिस को देखकर भागा युवक, चाकू सहित गिरफ्तार

थाना मौदहापारा क्षेत्र में दुर्गा कॉलेज के पास चेकिंग के दौरान पुलिस को देखकर एक युवक भागने लगा। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से धारदार बटनदार चाकू बरामद हुआ।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम गणेश वर्मा (21 वर्ष) निवासी अशोक नगर, थाना गुड़ियारी, रायपुर बताया। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है।

शराब भट्ठी के पास दूसरा आरोपी पकड़ा गया

इसी अभियान के दौरान पुलिस ने गंज थाना क्षेत्र में शराब भट्ठी के पास चेकिंग करते हुए एक अन्य आरोपी गोपाल दास मानिकपुरी (37 वर्ष) को पकड़ा। आरोपी चुनाभट्टी शिव मंदिर के पास का रहने वाला है। तलाशी में उसके कब्जे से भी धारदार चाकू बरामद हुआ। उसके खिलाफ भी आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।

ब्लैक फिल्म वाहनों पर भी चला अभियान

पुलिस ने अभियान के दौरान यातायात नियम तोड़ने वालों पर भी सख्ती दिखाई। ब्लैक फिल्म लगे वाहनों के खिलाफ विशेष कार्रवाई करते हुए करीब एक दर्जन वाहनों से अवैध ब्लैक फिल्म हटवाई गई और चालानी कार्रवाई की गई।

पुलिस ने नागरिकों से मांगा सहयोग

रायपुर पुलिस ने कहा है कि शहर में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए इस तरह के विशेष चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेंगे। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

About The Author