हाईवे पर खौफनाक लूट: ड्राइवर पर चाकू से हमला, मोबाइल लूटकर फरार
रायपुर।
आज आपको बताते हैं कि किस तरह हाईवे अब अपराधियों का अड्डा बनता जा रहा है। जहां सफर करने वाले लोग खुद को सुरक्षित समझते हैं, वहीं अब लुटेरे खुलेआम वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। मामला तरपोंगी टोल प्लाजा से महज 500 से 700 मीटर पहले का बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक एक टाटा एस चालक अपनी गाड़ी में माल लेकर जा रहा था। इसी दौरान हाईवे पर मौजूद कुछ लुटेरों ने उसे रोक लिया। बदमाशों ने पहले चालक से पैसों की मांग की। डर के कारण चालक ने पैसे दे दिए, लेकिन इसके बाद भी लुटेरों का आतंक खत्म नहीं हुआ।
बताया जा रहा है कि बदमाशों ने चालक को आसान निशाना समझते हुए उसका मोबाइल फोन भी मांग लिया। चालक ने हाथ जोड़कर खुद को गरीब बताते हुए मोबाइल न लेने की गुहार लगाई, लेकिन आरोपियों पर इसका कोई असर नहीं पड़ा। इसके बाद बदमाशों ने चालक पर धारदार चाकू से ताबड़तोड़ 3 से 4 वार कर दिए।
हमले में चालक लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा, जबकि आरोपी मोबाइल लेकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
यह पूरी वारदात हाईवे पेट्रोलिंग और पुलिस प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। जिस हाईवे से रोजाना हजारों लोगों की आवाजाही होती है, वहां इस तरह की घटनाएं लोगों के मन में डर पैदा कर रही हैं। अब सवाल यह उठता है कि आखिर हाईवे पर सफर करने वाले लोग सुरक्षित कब होंगे?

