Wed. Aug 5th, 2026

NH-130 पर फिर उभरी बड़ी खामी: मरम्मत के बाद पुलिया किनारे धंसी सड़क, हादसे का बढ़ा खतरा

तोरेंगा-जुगाड़ के बीच पुलिया के पास बना बड़ा गड्ढा, ग्रामीणों में नाराज़गी; जनपद सभापतियों ने उठाए सवाल

गरियाबंद। ऐश्वर्य उपाध्याय-आशुतोष सिंह ठाकुर

जिले के महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्ग NH-130 पर तोरेंगा और जुगाड़ के बीच स्थित एक पुलिया के पास सड़क धंसने का मामला सामने आया है। हैरानी की बात यह है कि इस पुलिया की हाल ही में मरम्मत कराई गई थी, लेकिन मरम्मत के कुछ ही समय बाद सड़क के किनारे बड़ा गड्ढा बन जाने से लोगों में नाराज़गी बढ़ गई है।

यह मार्ग रायपुर, देवभोग और आसपास के कई इलाकों को जोड़ने वाली प्रमुख सड़क है। घने वनांचल क्षेत्र से होकर गुजरने वाला यह सिंगल लेन मार्ग रोजाना हजारों वाहनों और यात्रियों की आवाजाही का प्रमुख रास्ता माना जाता है। ऐसे में पुलिया के किनारे सड़क धंसने से किसी बड़े हादसे की आशंका जताई जा रही है।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि सड़क के किनारे बने गड्ढे के कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विशेषकर रात के समय और बारिश के दौरान दुर्घटना का खतरा और अधिक बढ़ सकता है। लोगों ने संबंधित विभाग से तत्काल स्थायी मरम्मत कराने और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने की मांग की है।

मामले को लेकर मैनपुर जनपद के सभापति निर्भय सिंह ठाकुर ने भी नाराज़गी जताई है। उन्होंने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए कहा कि मामले की शिकायत कलेक्टर और लोक निर्माण विभाग (PWD) मंत्री से की जाएगी ताकि जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई हो सके।

वहीं मैनपुर जनपद के सभापति सुभाष यादव ने भी निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि जब राष्ट्रीय राजमार्ग की यह स्थिति है, तो ग्रामीण और अंदरूनी सड़कों की हालत का सहज अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराए जाने की मांग करते हुए इसे संभावित भ्रष्टाचार से जोड़कर भी देखा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि केवल शिकायतों और आश्वासनों से समस्या का समाधान नहीं होगा। पुलिया और सड़क की तकनीकी जांच कराकर स्थायी सुधार कार्य कराया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

About The Author