शिक्षक नहीं तो TC ले लो
रायपुर। नए शैक्षणिक सत्र के प्रवेश उत्सव के बीच राजधानी के माधवराव सप्रे उत्कृष्ट हिंदी मीडियम स्कूल, बूढ़ापारा में शिक्षकों की कमी का मामला सामने आया है। 12वीं कक्षा के कॉमर्स और आर्ट्स संकाय के 46 छात्रों को शिक्षक उपलब्ध नहीं होने के कारण दूसरे स्कूल में प्रवेश लेने और ट्रांसफर सर्टिफिकेट (TC) लेने की सलाह दे दी गई। इससे नाराज छात्र कलेक्ट्रेट पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
जानकारी के अनुसार, पिछले शैक्षणिक सत्र में स्कूल प्रशासन ने 12वीं कॉमर्स और आर्ट्स के विद्यार्थियों का प्रवेश लिया था। उस समय जिला खनिज न्यास (DMF) मद से शिक्षकों की व्यवस्था की गई थी। लेकिन नए सत्र की शुरुआत के साथ इन विषयों के शिक्षक उपलब्ध नहीं होने से छात्रों के सामने पढ़ाई जारी रखने का संकट खड़ा हो गया।
स्थिति तब और गंभीर हो गई जब छात्रों को दूसरे स्कूल में प्रवेश लेने के लिए TC लेने की सलाह दी गई। इसके विरोध में छात्र सड़क पर उतर आए। छात्रों के समर्थन में एनएसयूआई कार्यकर्ता भी पहुंचे और छात्र नेता हेमंत पाल के नेतृत्व में प्रदर्शन किया गया।
प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने मांग की कि जिन विषयों में प्रवेश दिया गया है, उनके लिए तत्काल शिक्षकों की व्यवस्था की जाए। मामला बढ़ने पर जिला शिक्षा अधिकारी ने हस्तक्षेप किया और स्कूल प्राचार्य से चर्चा की।
विरोध प्रदर्शन शुरू होने के करीब तीन घंटे के भीतर प्रशासन ने समाधान निकाल लिया। जिला शिक्षा अधिकारी ने पिछले शैक्षणिक सत्र में कार्यरत शिक्षकों को दोबारा नियुक्त करने के निर्देश दिए। इसके बाद छात्रों का प्रदर्शन समाप्त हुआ और मामला शांत हो गया।
इस घटना ने नए शिक्षा सत्र की शुरुआत में स्कूलों में शिक्षकों की उपलब्धता और शैक्षणिक योजना को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। छात्रों का कहना है कि प्रवेश देने से पहले शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि पढ़ाई के बीच इस तरह की स्थिति उत्पन्न न हो।

