रायपुर पुलिस ने 10 कर्मियों को दी सम्मानजनक विदाई, भावुक हुआ समारोह

रायपुर पुलिस ने 10 कर्मियों को दी सम्मानजनक विदाई, भावुक हुआ समारोह
रायपुर। पुलिस सेवा में वर्षों तक अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को सोमवार को रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने सम्मानपूर्वक विदाई दी। पुलिस आयुक्त कार्यालय में आयोजित गरिमामय समारोह में 10 सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों को शॉल, श्रीफल, स्मृति चिन्ह और पुष्पगुच्छ भेंट कर उनके योगदान को सम्मानित किया गया।
यह समारोह पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश पर आयोजित किया गया, जिसमें अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर अमित तुकाराम कांबले मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, कर्मचारी तथा सेवानिवृत्त अधिकारियों के परिजन भी मौजूद रहे।
सेवा, समर्पण और अनुशासन को किया गया सलाम
समारोह को संबोधित करते हुए अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर अमित तुकाराम कांबले ने कहा कि पुलिस सेवा केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पण का माध्यम है। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपने पूरे सेवाकाल में ईमानदारी, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करते हुए विभाग की प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। उनका अनुभव आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा प्रेरणा का स्रोत रहेगा।
इन अधिकारियों और कर्मचारियों का हुआ सम्मान
समारोह में सहायक उप निरीक्षक गजाधर सिंह वनसे, प्रधान आरक्षक बालेश्वर दास वैष्णव, रोहित दास सुमेर, सालिक राम वर्मा, राजकुमार पाठक, पुरुषोत्तम लाल साहू, लाल बहादुर भगत, राजेन्द्र पुरी गोस्वामी तथा आरक्षक अनिल कुमार शर्मा और चन्द्रभान भदौरिया को उनकी लंबी और उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।
भावुक पल, साझा किए यादगार अनुभव
विदाई समारोह के दौरान सेवानिवृत्त अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपने सेवाकाल के अनुभव साझा किए। उन्होंने विभाग, वरिष्ठ अधिकारियों और अपने सहकर्मियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिस विभाग में बिताए गए वर्ष उनके जीवन की सबसे बड़ी पूंजी हैं।
परिवार की मौजूदगी ने बढ़ाई समारोह की गरिमा
कार्यक्रम में अतिरिक्त डिप्टी पुलिस कमिश्नर डॉ. अर्चना झा, रक्षित निरीक्षक अनीष सारथी, स्टेनो सुरेश टंडन, मुख्य लिपिक पी.सी.एस. यादव, सहायक उप निरीक्षक दीपक निषाद सहित पुलिस कमिश्नर कार्यालय के कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। सेवानिवृत्त कर्मचारियों के परिजनों की मौजूदगी ने समारोह को और अधिक भावनात्मक एवं यादगार बना दिया।
समारोह का समापन सभी सेवानिवृत्त अधिकारी एवं कर्मचारियों के स्वस्थ, सुखद और सम्मानपूर्ण जीवन की शुभकामनाओं के साथ हुआ।
